झमाझम बारिश के बीच कलेक्टर, एसपी ने घुघरा में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, शासकीय जमीनों पर हो रहा कब्जा, बोले ग्रामीण
कटनी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव विकासखंड कटनी के ग्राम पंचायत घुघरा में गुरुवार को आयोजित लोक सुनवाई सह जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे। यहां हो रही झमाझम बारिश के बावजूद उन्होंने 33 ग्रामीणों की समस्यायें और शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और एस डी एम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
अतिक्रमण हटवायें
लोकसुनवाई के दौरान घुघरा के निवासी संतोष, दिलीप, लेखराज एवं अन्य ग्रामीणों ने आवेदन देते हुये बताया कि घुघरा, मुरावल, हृदयनगर, बढ़ैयाखेरा, बाणसागर एवं भटिया टोला में सरकारी जमीन एवं वन विभाग की जमीनों पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
श्रवण यंत्र दिलायें
लोकसुनवाई के दौरान ग्राम बाणसागर निवासी अनीता बाई और रामरूप केवट ने सुनने में कठिनाई बताते हुये कलेक्टर श्री यादव से श्रवण यंत्र दिलाने का आग्रह किया। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने सामाजिक न्याय विभाग को श्रवण यंत्र प्रदान करने के निर्देश दिए।
जलाशय की करायें मरम्मत
मुरावल ग्राम के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री यादव को बौल्हा जलाशय की मरम्मत कराने की मांग करते हुये कहा कि यह जलाशय जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। जलाशय की मरम्मत से किसानों की सिंचाई हेतु पानी की समस्या समाप्त हो जायेगी। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने जल संसाधन विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उपस्थित रहे डॉक्टर
ग्राम घुघरा के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री यादव को बताया कि घुघरा के पशु औषधालय में पशु चिकित्सक अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। इसके अलावा पशुओं का इलाज कराने पर पैसा लिया जाता है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने वेटनरी विभाग को समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।








