रिवर फ्रंट योजना से शहरवासियों को मिलेगा सौंदर्य और सुविधाओं का लाभ : महापौर

कटनी। नागरिकों की सुविधा एवं शहर की सुंदरता में वृद्धि लाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा रिवर फ्रंट योजना के तहत कटाएघाट, मोहन घाट और मसुरहाघाट में कई तरह के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत नदी तट का समुचित विकास एवं सौंदर्यीकरण कर नागरिकों को मनोरंजन, स्वास्थ्य लाभ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार शाम कटाएघाट पहुंचकर नदी के किनारे योजना के तहत 6 करोड़ रुपए की लागत से कराए जा रहे पिचिंग, वॉल निर्माण, पाथवे, ग्रीनरी, लाइटिंग, ड्रेन एवं विभिन्न सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के ठेकेदारों को तय समय में गुणवत्ता के साथ सभी कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, बीना बैनर्जी, सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री अश्वनी पांडेय सहित निर्माण एजेंसी के ठेकेदारों की मौजूदगी रही।
चट्टान पर भगवान शिव की प्रतिमा करें स्थापित
महापौर ने कटाएघाट नदी किनारे संपूर्ण निर्माण स्थलों का बारीकी से जायजा लेते हुए कटाएघाट नदी के बीचों बीच स्थित पुरानी चट्टान पर भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करने के साथ ही मार्ग के बाएं तरफ मंदिर पहुंच मार्ग की ओर पूर्व निर्मित पुराने लंबे चबूतरे पर सौंदर्यीकरण की दृष्टि से रैंप, प्रकाश व्यवस्था एवं पुरानी चट्टानों पर प्राकृतिक झरने का निर्माण कार्य कराकर उक्त स्थल को भी विकसित करने के निर्देश दिए। महापौर ने श्री राम जानकी मंदिर के सामने स्थित चबूतरे के चारों ओर रेलिंग लगाकर स्थल को विकसित करने के भी निर्देश दिए।
ग्रीनरी एरिया का निरीक्षण कर जाहिर की प्रसन्नता
महापौर श्रीमति सूरी ने सुलभ के बाजू वाले रिक्त स्थल पर विकसित कराए गए ग्रीनरी एरिया का जायजा लेकर संतोष व्यक्त किया तथा यहां आने वाले नागरिकों की बैठक व्यवस्था हेतु आधुनिक बेंच स्थापित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थल पर कराए जा रहे सेल्फ़ी पॉइंट निर्माण, पेवरब्लॉक फ्लोरिंग कार्य, पिचिंग कार्य, वाल निर्माण, मार्ग के किनारे निर्मित क्यारी आदि कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि नागरिक जल्द से जल्द इस योजना का लाभ उठा सकें।
पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन : महापौर
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि इस योजना के पूर्ण होने पर शहर के नागरिकों को जहां स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिलेगा वहीं नदी तट पर पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सुरम्य पार्क का किया निरीक्षण
महापौर श्रीमती सूरी एवं जनप्रतिनिधियों ने सुरम्य पार्क पहुंचकर वहां की विभिन्न व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्विमिंग पूल पहुंचकर वहा तैराकी सीख रहे बरगवां निवासी बालक अथर्व, मन्नत के अभिभावकों से बच्चों को तैराकी सिखाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। वहीं बोटिंग स्थल के निरीक्षण के दौरान महापौर ने गणेश चौक निवासी शिवानी तिवारी एवं उनके परिवार जनो से संवाद कर पार्क की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *