3 दिन से लापता युवक की गांव के पास बरसाती नाले में मिली लाश, भटिया निवासी युवक अचानक हो गया था लापता, पुलिस कर रही थी तलाश
कटनी। बिलहरी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाटिया निवासी 3 दिन से लापता युवक की लाश आज गांव के पास एक बरसाती नाले में पाई गई। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालने के बाद शव परीक्षण कराते हुए अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में बातचीत करते हुए बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाटिया निवासी 21 वर्षीय आशीष महोबिया पिता रघुवीर महोबिया का शव आज गांव के पास मौजूद बरसाती नाले में पाया गया। आशीष 3 दिन पहले लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने चौकी में आकर गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। परसों रात में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही थी, इसी बीच आज सुबह नाले के पास एक व्यक्ति का शव देखे जाने की सूचना मिली। मौके पर जाकर शव को बाहर निकलवाया गया। मृतक की पहचान आशीष महोबिया के रूप में की गई है। शव परीक्षण करने के उपरांत अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।








