फीडबैक के आधार पर माधवनगर पुलिस का काम काज सर्वश्रेष्ठ, खराब प्रदर्शन करने अंतिम तीन थानों को एसपी ने दिए सुधार के निर्देश
कटनी। जनसेवा की गुणवत्ता एवं पुलिस थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा एक नई पहल करते हुए जिले के समस्त थानों की रैंकिंग जारी की गई है। यह रैंकिंग थानों में आने वाले आगंतुकों, फरियादियों द्वारा आगंतुक रजिस्टर में दर्ज किए गए फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है।
आप को बता दें की थानों का मूल्यांकन निम्न बिंदुओं पर किया गया जिसमें आगंतुकों से व्यवहार, समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई, समयबद्ध कार्रवाई, थाना परिसर की साफ-सफाई व अनुशासन, फीडबैक की प्रमाणिकता की जांच हेतु उच्चाधिकारियों द्वारा की गई क्रॉस कॉलिंग से की गई है। इस पहल का उद्देश्य थाना स्तर पर बेहतर जनसेवा को प्रोत्साहित करना, नागरिकों की संतुष्टि बढ़ाना एवं पुलिस व्यवस्था में उत्तरदायित्व को और अधिक मज़बूत करना है।
गत 2भुलाई 25 से 09 जुलाई 25 तक थाने में आने-जाने वाले आगंतुकों से 7 प्रश्न कर उसमें से मिले फीडबैक के आधार पर इस सप्ताह की शीर्ष एवं निम्न रैंकिंग वाले थानों का चयन किया गया। फीड बैक के आधार पर प्रथम स्थान पर माधवनगर थाने को [88.5%], बाकल को [85.7%], बडवारा थाने को [84.7%] प्राप्त हुआ है। फीडबैक के आधार पर इस माह की अंतिम तीन रैंकिंग वाले थानों में रीठी [65.3%], रंगनाथ नगर [71.4%] एवं एनकेजे [71.4%] पर हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले थानों के प्रभारी अधिकारियों को बधाई दी गई एवं अन्य थानों को नागरिक संतुष्टि बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के निर्देश दिए गए। अब से यह रैंकिंग प्रति माह नियमित रूप से जारी की जाएगी, जिससे जनभागीदारी के माध्यम से पुलिस कार्य प्रणाली को और अधिक जनोन्मुखी एवं पारदर्शी बनाया जा सके।








