कटनी में आदिवासियों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का विशाल चक्का जाम, न्याय की मांग

कटनी में आदिवासियों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का विशाल चक्का जाम, न्याय की मांग

कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना तिराहे पर आज सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार और दुर्व्यवहार के खिलाफ एक विशाल चक्का जाम कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बड़वारा थाना क्षेत्र में आदिवासियों के साथ हुई गंभीर घटनाओं के दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और क्षेत्र में नियम विरुद्ध संचालित खदानों को बंद करने की मांग की। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद जिला खनिज अधिकारी के आश्वासन पर चक्का जाम समाप्त किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भादावार ग्राम में कई खदानें अवैध रूप से चल रही हैं, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ओंकार सिंह ने बताया कि इन खदानों में होने वाली ब्लास्टिंग से पत्थर ग्रामीणों के घरों तक पहुँचते हैं। जब आदिवासी ग्रामीण इसका विरोध करते हैं, तो उन पर उल्टे मामले दर्ज कर दिए जाते हैं और खदान संचालक पुलिस की मौजूदगी में भी उन्हें गालियां देते हैं। यह स्थिति आदिवासियों के लिए अत्यंत कष्टदायक और अपमानजनक है।
ओंकार सिंह ने आगे बताया कि इसी स्थान पर खदान संचालकों की लापरवाही के कारण पहले भी दो आदिवासी बच्चों और एक महिला की मौत हो चुकी है, लेकिन अब तक इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही पीड़ितों को कोई उचित मुआवजा मिला है। भदावार ग्राम में अवैध रूप से चल रही इन खदानों को तत्काल बंद किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं रोकी जा सकें और आदिवासियों को सुरक्षित जीवन मिल सके।
करीब तीन घंटे तक सड़क पर चले इस धरने प्रदर्शन के बाद जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित ने प्रदर्शनकारियों को खदानों की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ही प्रदर्शन समाप्त किया गया।
धरने पर बैठे युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल, कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम और राघवेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश और केंद्र सरकारें आदिवासी विरोधी हैं और उनके शासनकाल में आदिवासी और दलितों पर जुल्म और अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार और जुल्म के खिलाफ सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।, इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

जनसेवा एवं सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दायित्वों का करें निर्वहन, समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों, विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त का फरमान