स्वसहायता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर परख रहीं पेयजल की गुणवत्ता, नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने नगर निगम का प्रयास

स्वसहायता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर परख रहीं पेयजल की गुणवत्ता, नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने नगर निगम का प्रयास

Oplus_131072

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन के निर्देशानुसार  दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) के अंतर्गत गठित तीन स्वसहायता समूहों क्रमशः नारी शक्ति, वंशिका और आर्यों स्वसहायता समूह की 30 महिलाओं को अमृत मित्र के रूप में चयनित कर, उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाकर घर-घर  पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है।

नगर निगम का प्रेरणादायक उदाहरण

नगर निगम महापौर श्रीमति प्रीति संजीव सूरी और आयुक्त नीलेश दुबे के नेतृत्व में यह अभियान नगर में प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है, जो जनस्वास्थ्य और जनसहभागिता के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

डोर टू डोर पहुंचकर कर रहीं जल परीक्षण

नोडल अधिकारी अमृत 2.0 अश्विनी पाण्‍डे ने बताया कि नगरीय क्षेत्र के सभी 45 वार्डों में चयनित स्वसहायता समूहों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पानी की जांच करने का कार्य सौंपा गया है। इन समूहों की सदस्याएं प्रत्येक घर में जाकर पेयजल के नमूने एकत्र कर वहीं पर त्वरित परीक्षण कर रही हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वास्थ्यप्रद जल प्राप्त हो रहा है। समूह की महिलाओं द्वारा अभी तक कुल 1123 टेस्ट किए जा चुके है।

इन तत्वों का हो रहा परीक्षण

परीक्षण के दौरान जल के पीएच स्तर, क्लोरीन की मात्रा, आयरन, नाइट्रेट, फ्लोराइड, आर्सेनिक आदि तत्वों की जांच की जा रही है। यह कार्य पूरी पारदर्शिता एवं वैज्ञानिक विधियों के अनुरूप किया जा रहा है।

प्रयोगशाला से भी कराया जा रहा जल परीक्षण

फील्ड परीक्षण के अतिरिक्त, प्रत्येक वार्ड से कुछ चयनित घरों के जल नमूनों को प्रयोगशाला (लैब) में भेजकर उनकी गहराई से जांच की जा रही है ताकि किसी प्रकार की चूक की संभावना को समाप्त किया जा सके। इससे सुनिश्चित होगा कि नागरिकों को न केवल त्वरित परिणाम मिलें, बल्कि लंबे समय तक गुणवत्ता की निगरानी भी संभव हो सके।

इन अधिकारियों का विशेष सहयोग

इस पूरी प्रक्रिया में उपयंत्री जलप्रदाय मृदुल श्रीवास्तव, सिटी मैनेजर यश रजक की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, जो तकनीकी और प्रबंधन सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण कदम

नगर निगम कटनी का यह प्रयास न केवल पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है, बल्कि यह स्वसहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में सशक्त भी कर रहा है। इस पहल से नागरिकों में पेयजल की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post