बिजली कर्मचारियों को बांध कर पीटा, जबरन दोबारा चालू कराई कटी बिजली, सगे भाइयों ने दिया घटना को अंजाम, आरोपी सगे भाइयों को कुठला पुलिस ने किया गिरफ्तार

Oplus_131072

कटनी। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी लिमिटेड देवगाँव अंतर्गत ग्राम सुमैली में बिजली बिल की राशि 42,726 रुपये बकाया होने के कारण राजाराम यादव पिता रमई यादव एवं संतोष यादव पिता रमई यादव का स्थाई कृषि कनेक्शन का बिल भुगतान न करने के कारण तीन माह पूर्व विद्युत कनेक्शन काट दिया गया था। गत 24 अप्रैल 2025 को चैक करने लाईनमैन सलीम खान एवं आउटसोर्स कर्मचारी सुखदेव यादव को विद्युत कार्यालय द्वारा भेजा गया। गांव में जाने पर काटी गई विद्युत लाईन को उक्त दोनो उपभोक्ता जो सगे भाई है उन्होंने अपने स्तर पर अवैध रूप से विद्युत कनेक्शन चालू कर लिया था। जिसकी लाईन पुनः उक्त दोनो विद्युत कर्मचारी काटने लगे, जिस पर राजाराम यादव एवं संतोष यादव दोनो ने विद्युत कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की और उन्हे बाँध दिया व पुनः लाईन जोड़ने का दबाव बनाने लगे। लाईन न जोड़ने की दशा में जान से मारने की धमकी देते हुए लाईनमैन की मोटर साइकिल पंचर कर दिया। लाईनमैन ने डर के कारण पुनः विद्युत कनेक्शन जोड़कर अपनी जान बचाई। उक्त घटना की सूचना लाईनमैन द्वारा अपने वरिष्ट अधिकारी कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग देवगाँव को दिये जाने पर 25 अप्रैल 2025 को थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर सुसंगत धाराओं के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, सदोष परिरोध कारित करने व जान से मारने की धमकी देने का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिजीत कुमार रंजन द्वारा मामले को गम्भीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। जिनके निर्देश पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में विधिवत अनुसंधान पश्चात आज 27 अप्रैल 2025 को दोनों आरोपी राजाराम यादव पिता रमई यादव एवं संतोष यादव पिता रमई यादव निवासी ग्राम मूरपार देवगाँव थाना रीठी जिला कटनी को विधिवत गिरफ्तार कर विधिसंगत कार्यवाही की गई।

सम्पूर्ण कार्यवाही थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में की गई, जिसमें सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *