कचड़ा- रेल्वे व आर्डिनेंस फैक्ट्री क्षेत्र का, भुगतान कर रहा नगर निगम, कटनी एम.एस.डब्ल्यू. का भ्रष्टाचार, निगम अधिकारियों से साठगांठ करके खेला जा रहा खेल

Oplus_131072

कटनी। नगर निगम कटनी के वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट ने आरोप लगाया है कि कटनी एम.एस.डब्ल्यू. द्वारा नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार करके लाखों रुपये की आमदनी करके शासन व निगम कोष को क्षति पहुॅंचाई जा रही है।

श्री जैन ने म.प्र. शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव, कलेक्टर कटनी, महापौर, आयुक्त नगर निगम कटनी को पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण कराया  है कि नगर निगम कटनी द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्रांतर्गत् कचड़ा एकत्रीकरण, परिवहन और प्रसंस्करण का कार्य कटनी एम.एस.डब्ल्यू. को दिया गया है। कार्य के संबंध में बनाई गई डी.पी.आर. (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) एवं कटनी एम.एस.डब्ल्यू. से नगर निगम द्वारा किये गये अनुबंध पत्र में नगर निगम सीमा क्षेत्र का संपूर्ण रेल्वे क्षेत्र एवं आर्डिनेस फैक्ट्री क्षेत्र का कचड़ा एकत्रीकरण कार्य, परिवहन कार्य और प्लांट में प्रसंस्करण करने का कोई भी अनुबंध नहीं हुआ है। यह जानकारी प्राप्त हुई है कि विगत 3-4 वर्षों से ज्यादा समय से कटनी एम.एस.डब्ल्यू. द्वारा नगर निगम परिषद की सक्षम स्वीकृति एवं सक्षम अनुबंध के बिना ही रेल्वे क्षेत्र एवं आयुध निर्माणी क्षेत्र का कचड़ा वहॉं के ठेकेदार की मिलीभगत से कटनी एम.एस. डब्ल्यू. द्वारा संचालित नगर निगम के अमीरगंज, पड़रवारा, (रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड) स्थित प्लांट में एकत्रित किया जा रहा है।

पत्र में यह भी बतलाया गया है कि यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि वहॉं से प्राप्त कचड़े की तौल नगर निगम क्षेत्र से इकट्ठा किये गये कचड़े के रुप में की जाकर नगर निगम को फर्जी बिल देकर लाखों रुपये की राशियों का भुगतान प्राप्त किया जा रहा है और ऐसे कचड़े को प्लांट में प्राप्त करने के लिए आयुध निर्माण एवं रेल्वे के कचड़ा ठेकेदारों से कटनी एम.एस.डब्ल्यू. के कर्मचारियों के द्वारा अलग से राशि प्राप्त करके डी.पी.आर. एवं अनुबंध शर्तों का  उल्लघंन किया जा रहा है। इसके कारण नगर निगम कटनी को लाखों रुपये की क्षति हुई है। कंपनी द्वारा किया जा रहा उक्त कार्य धोखाधड़ी एवं अमानत में ख्यानत का अपराध है। श्री जैन एडवोकेट के द्वारा जानकारी मांगे जाने पर पश्चिम मध्य रेल्वे के वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा पत्र क्र.जबल/आर.टी.आई./351/25 दिनांक 16-04-2025 के माध्यम से मंडल चिकित्सा अधिकारी के द्वारा दी गई जानकारी भेजी गई। जिसके अनुसार रेल्वे (एन.के.जे.) की सभी कॉलोनियों से प्राप्त कचड़े को ठेकेदार द्वारा नगर निगम के निर्देशित स्थान (प्लांट) पर संग्रहित किया जा रहा है। इस प्रकार यह प्रमाणित है कि कटनी एम.एस.डब्ल्यू. द्वारा पूर्णतः अवैधानिक कार्य करते हुए नगर निगम कोष को लाखों रुपये की क्षति पहुॅंचाई गई है। स्वतंत्र इंजीनियर एवं नगर निगम के अधिकारियों/कर्मचारियों के द्वारा भी उक्त तथ्य के संबंध में जानकारी होने पर भी रोक न लगाई जाना व कार्यवाही न किया जाना, इस बात का प्रमाण है कि वे भी उक्त गलत कार्य में कटनी एम.एस.डब्ल्यू. के साथ लिप्त है।

श्री जैन ने पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर से भी मांग की है कि कटनी एम.एस.डब्ल्यू. एवं दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कर कार्यवाही की जावे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *