ट्रेन से गिरा अज्ञात व्यक्ति हुआ लहूलुहान, डॉक्टर ने इलाज कर पहुँचाया घर, पेश की मिशाल

कटनी। रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में मिले एक युवक को डॉक्टर ने पहले इलाज़ दिया और जब घायल युवक होश में आया तो उससे घटना के विषय में जानकारी लेते हुए उसके परिवार वालों का पता लगाया और पूरी व्यवस्था के साथ उसे उसके परिजनों के पास बिहार भिजवाया।
हम बात कर रहे हैं विगत 23 फरवरी को हुई घटना के विषय में। दरअसल एक अज्ञात व्यक्ति लगभग 34 वर्षीय इमलिया स्लिमनाबाद रेलवे फाटक के पास चलती ट्रेन से गिरकर लहुलुहान हो गया। बेहोशी की हालत में रेलवे के कर्मचारियों 108 एम्बुलेंस के द्वारा स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वस्थ केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ शिवम् दूबे अस्पताल ने जब उसे देखा तो वह बेहोश हालत में था। सिर में गहरे घाव थे और बहुत खून बह रहा था। डॉ शिवम् दूबे द्वारा स्टाफ की मदद से 5 घंटे लगातार इलाज करने के बाद शाम 5 बजे घायल को होश आया। होश में आने के बाद घायल युवक ने बताया कि उसका नाम सिकंदर है। वह मुंबई से बिहार जा रहा था। वह अचानक चलती ट्रेन से गिर गया। डॉ दूबे ने उसे खाना खिलाया, जैसे तैसे उसके घर वालो का नंबर जुटाया फिर उनसे बात कर सिकंदर के साथ हुई पूरी घटना के बारे में परिवार वालों को जानकारी प्रदान की। हालत में सुधार होने के बाद घायल सिकंदर को डॉक्टर शिवम दुबे ने रात 12 बजे बिहार जाने वाली ट्रेन से रास्ते के खर्च के लिए कुछ पैसे और खाने-पीने का सामान देकर उसके घर भिजवाया।