जिन मामलों को बताकर किया जा रहा दुष्प्रचार, वे सारे मामले हो चुके हैं समाप्त, दस्तावेजों सहित दीपक मोटवानी ने रखी बात

कटनी। बीते दिनों माधव नगर के युवा व्यवसाई रॉकी उर्फ राकेश मोटवानी के ऊपर जानलेवा हमले किए जाने का मामला आज एक बार फिर सुर्खियों में बना रहा। कारण यह था कि रॉकी एवं उसके भाई दीपक के ऊपर अपराधिक प्रकरण दर्ज होने एवं उन्हें अपराधी सिद्ध करने जैसी खबरें मीडिया की सुर्खियां बनी। खबरें सामने आने के बाद रॉकी और उसके भाई दीपक ने दस्तावेजों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिन मामलों को लेकर आरोप प्रत्यारोप किए जा रहे हैं, वर्तमान में वे सारे मामले खत्म हो चुके हैं। वर्तमान स्थिति में न तो दीपक के ऊपर और ना ही रॉकी के ऊपर कोई भी प्रकरण पंजीबद्ध है। मामले को दूसरी दिशा में मोड़ने के इरादे से इस तरह का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
मीडिया से बात करते हुए दीपक और रॉकी मोटवानी ने कहा कि प्रयास तो यह भी किया जा रहा है कि किसी तरह उनकी छवि खराब करके या फिर कोई और दबाव डाल कर बीते दिनों हुई घटना की एफआईआर वापस कराई जा सके। यहां तक की व्यापारिक लेनदेन को लेकर हुई घटना को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लेनदेन से जोड़कर भी खूब दुष्प्रचारित किया जा रहा है। दीपक एवं रॉकी में जानकारी देते हुए कहा कि लेनदेन से जुड़े सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं, जिसे आवश्यकता पड़ने पर वे न्यायालय के समक्ष या फिर सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत भी करेंगे, लेकिन कुछ लोगों के द्वारा मामले को रफा दफा कराने के लिए जिस तरह से षड्यंत्र रचा जा रहा है वह बेबुनियाद है। जानकारी देने के साथ ही उन्होंने न्यायालय के सभी दस्तावेज भी मीडिया को दिखाएं। जहां एक तरफ पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपी को तलाश करने में जुटी है, वहीं अब यह मामला सोशल मीडिया पर आरोप प्रत्यारोप के बीच एक नए तरह से प्रारंभ हो चुका है।